सहरसा सदर अस्पताल के डॉक्टर के खिलाफ युवा कांग्रेस ने किया पुतला दहन, कार्रवाई की मांग

सुपौल में युवा कांग्रेस ने महावीर चौक पर सहरसा सदर अस्पताल के सिविल सर्जन का पुतला दहन किया। बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में यह प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने सहरसा सदर अस्पताल में पत्रकार के साथ कथित दुर्व्यवहार और हमले के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने की मांग की गई।
डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग
लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि सहरसा सदर अस्पताल में पत्रकार अभिषेक कुमार मुन्ना के साथ किया गया दुर्व्यवहार और हमला बहुत गंभीर है। उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और पत्रकारों के साथ ऐसा व्यवहार चिंता का विषय है। मामले में डॉक्टर एसके आजाद के खिलाफ जल्द से जल्द कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान की लड़ाई
युवा कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की। न्याय मिलने तक यह संघर्ष जारी रहेगा।