यूट्यूबर यश महेश्वरी पर FIR: बिहार की महिलाओं पर टिप्पणी का आरोप

बिहार की महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में यूट्यूबर यश महेश्वरी के खिलाफ पटना में FIR दर्ज की गई है। भाजपा नेताओं ने की सख्त कार्रवाई की मांग।

Ghazala Saheb26 November 20262 min read0 viewsBihar
यूट्यूबर यश महेश्वरी पर FIR: बिहार की महिलाओं पर टिप्पणी का आरोप

पटना के कोतवाली थाने में यूट्यूबर और कॉमेडियन यश महेश्वरी के खिलाफ एक बड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू हुई है। बिहार की महिलाओं के प्रति कथित तौर पर अपमानजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में उनके खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई है।

भाजपा महिला नेताओं ने खोला मोर्चा

यह मामला तब गरमाया जब भाजपा की प्रदेश महामंत्री प्रीति शेखर के नेतृत्व में महिला नेताओं ने यश महेश्वरी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यूट्यूबर ने अपने यूट्यूब चैनल और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बिहार की महिलाओं को निशाना बनाते हुए बेहद अशोभनीय टिप्पणियां की हैं। इन टिप्पणियों से महिलाओं के सम्मान और उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरी ठेस पहुंची है।

इन कानूनी धाराओं के तहत होगी जांच

महिला नेताओं ने पुलिस को दिए अपने आवेदन में मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं। शिकायत में निम्नलिखित प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है:

  • भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023: धारा 75, 79, 351 और 352
  • सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम: धारा 66सी और 66डी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को संबंधित वीडियो, यूआरएल और स्क्रीनशॉट जैसे डिजिटल साक्ष्य भी सौंपे गए हैं ताकि पूरी जांच विस्तार से की जा सके।

अभिव्यक्ति की आजादी का गलत फायदा नहीं उठा सकते

मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए प्रीति शेखर ने स्पष्ट किया कि हास्य और व्यंग्य के नाम पर किसी की गरिमा को कुचलने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता एक संवैधानिक अधिकार जरूर है, लेकिन इसका उपयोग कानून और सामाजिक मर्यादा के दायरे में ही होना चाहिए।

"स्वस्थ हास्य और आलोचना का कोई विरोध नहीं है, लेकिन किसी राज्य की महिलाओं को निशाना बनाकर अपमानजनक टिप्पणी करना स्वीकार्य नहीं है। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए महिलाओं के सम्मान से समझौता नहीं किया जा सकता।"

इस शिकायत के दौरान भाजपा की कई प्रमुख महिला नेता मौके पर मौजूद रहीं, जिनमें प्रदेश उपाध्यक्ष शीला कुशवाहा, विधायक निशा सिंह, विधान पार्षद शीला प्रजापति, विधायक संगीता कुमार, चंचल सिंह, चेतना झांब, संगीता सिंह, सरोज जायसवाल, आशा किरण, शांति जायसवाल, शशि बलदिहार, कुमारी वसुधा और वीणा सिंह शामिल थीं।

Share:

Comments

Leave a comment