युजवेंद्र चहल को भाजपा में बड़ी जिम्मेदारी, पीएम मोदी का जताया आभार
क्रिकेटर युजवेंद्र चहल को भाजपा के राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा में विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया गया है। उन्होंने पीएम मोदी और अमित शाह का आभार जताया है।

भारतीय क्रिकेट जगत से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। दिग्गज क्रिकेटर युजवेंद्र चहल अब राजनीति के मैदान में भी अपनी चमक बिखेरने को तैयार हैं। उन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की कार्यकारी समिति में विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया गया है।
इस महत्वपूर्ण नियुक्ति के बाद चहल ने सोशल मीडिया के जरिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की है।
पीएम मोदी और अमित शाह का जताया आभार
युजवेंद्र चहल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट साझा करते हुए इस नई भूमिका के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य का आभार प्रकट किया।
"भाजपा परिवार के भीतर मुझे यह स्थान और सम्मान देने के लिए मैं आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, आदरणीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन जी और ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमरपाल मौर्य जी का तहे दिल से धन्यवाद करता हूँ,"
चहल का यह संदेश प्रशंसकों और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
ओबीसी मोर्चा में नई नियुक्तियों का ऐलान
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने शनिवार को ओबीसी मोर्चा के लिए नए पदाधिकारियों, राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्यों और विभाग प्रमुखों की सूची जारी की। यह नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। इस सूची में देश के विभिन्न राज्यों का प्रतिनिधित्व करने वाले कई प्रमुख चेहरों को शामिल किया गया है।
प्रमुख नियुक्तियों की सूची:
- राष्ट्रीय उपाध्यक्ष: इस सूची में अर्जुन साहनी (बिहार), संगम लाल गुप्ता (उत्तर प्रदेश), बाबनराव रावजी चौधरी (महाराष्ट्र), जोगन मोहन (असम), ममता मोहंता (ओडिशा), सत प्रकाश राणा (दिल्ली) और संगीता बलवंत बिंद (उत्तर प्रदेश) को जगह मिली है।
- राष्ट्रीय महासचिव: गजेंद्र यादव (दिल्ली), प्रमोद मद्धवाराज (कर्नाटक) और ललित चंद्रकर (छत्तीसगढ़) को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- राष्ट्रीय सचिव: भीम कुमार साहू (बिहार), दशरथजी ठाकोर (गुजरात), टी वरथराजन (तमिलनाडु), संजीव कुमार (झारखंड), सरिता जांगिड़ (हरियाणा), कडगंची रमेश (तेलंगाना) और वैभव पंवार (मध्य प्रदेश) को नियुक्त किया गया है।
संगठन के अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी नियुक्तियां की गई हैं। उत्तर प्रदेश के राधेश्याम यादव को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि बिहार के अजय गुप्ता को मोर्चा का मीडिया समन्वयक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, डिजिटल संचार के लिए विभिन्न समन्वयकों की भी घोषणा की गई है ताकि पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।